21.8 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

गाज़ा युद्ध के विरोध में नीदरलैंड् का बड़ा फैसला

नीदरलैंड्: यूरोप के कई देशों में यूरोविज़न सॉन्ग कॉन्टेस्ट 2026 को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। नीदरलैंड्स ने शुक्रवार को साफ कहा कि अगर प्रतियोगिता में इज़राइल को शामिल किया गया तो वह वियना में होने वाले अगले साल के कॉन्टेस्ट में हिस्सा नहीं लेगा। नीदरलैंड्स का सार्वजनिक प्रसारक AVROTROS ने बयान में गाज़ा में जारी मानवीय त्रासदी और पत्रकारों की लगातार हो रही मौतों पर गहरी चिंता जताई है।

आयरलैंड का राष्ट्रीय प्रसारक RTE भी पहले ही कह चुका है कि मौजूदा हालात में प्रतियोगिता में भाग लेना “अनुचित और असंवेदनशील” होगा। आइसलैंड ने भी संकेत दिया है कि वह इज़राइल की भागीदारी की स्थिति में पीछे हट सकता है। वहीं स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने तो सीधे तौर पर इज़राइल को प्रतियोगिता से बाहर करने की मांग रख दी है।

यूरोपीय प्रसारण संघ (EBU), जो इस आयोजन का संचालन करता है, ने कहा है कि सदस्य देशों से परामर्श जारी है और दिसंबर के मध्य तक अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यूरोविज़न के निदेशक मार्टिन ग्रीन के मुताबिक, “हर सदस्य देश को यह तय करने की स्वतंत्रता है कि वे भाग लेना चाहते हैं या नहीं, और संगठन उनके निर्णय का सम्मान करेगा।”

इस बीच, डच प्रसारक ने कहा है कि वह तब तक तैयारी जारी रखेगा जब तक आयोजक यह स्पष्ट नहीं कर देते कि इज़राइल शामिल होगा या नहीं। गौरतलब है कि इस साल 166 मिलियन दर्शकों ने टीवी पर इस प्रतियोगिता को देखा था। बहिष्कार की यह चेतावनी कला जगत के उन प्रयासों का हिस्सा है, जो इज़राइल पर गाज़ा युद्ध खत्म करने का दबाव बना रहे हैं।

गौरतलब है कि रूस को 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद यूरोविज़न से प्रतिबंधित कर दिया गया था, लेकिन इज़राइल पिछले दो वर्षों से जारी विरोधों के बावजूद प्रतियोगिता में शामिल रहा है। इस साल स्विट्ज़रलैंड के बेसल शहर में यूरोविज़न को लेकर फिलिस्तीनी और इज़रायली समर्थकों के बीच विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिले।

उधर, हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियां एमा स्टोन, ओलिविया कोलमैन, आवा डूवर्ने और आयो एडेबिरी सहित 3,000 फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने भी इज़राइल के फिल्म संस्थानों का बहिष्कार करने की प्रतिज्ञा पर हस्ताक्षर किए हैं। उनका आरोप है कि ये संस्थान फिलिस्तीनियों के खिलाफ “जनसंहार और रंगभेद” में शामिल हैं।

यूरोविज़न 2026 का फाइनल 16 मई को आयोजित होगा, जबकि सेमीफाइनल 12 और 14 मई को होने हैं। इस बार प्रतियोगिता वियना, ऑस्ट्रिया में होने वाली है।

Today's Top