मंडराक: मंडराक क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और जबरन अपहरण की कोशिश का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब लड़की के माता-पिता किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे, और घर पर केवल उसकी बुजुर्ग दादी मौजूद थी।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, नाबालिग लड़की घर के बाहर नल पर हाथ धोने गई थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने पीछे से उसका मुंह दबाकर उसे पास की बाउंड्री वॉल की ओर खींच लिया। जैसे तैसे नबालिक ने शोर मचाया और चीख सुनकर उसकी बुजुर्ग दादी और पड़ोसियों ने बाउंड्री वॉल की ओर दौड़ लगाई। परिजनों को आता देख आरोपी लड़की को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
लड़की को रोते हुए और घबराई हालत में पाया गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी से मिला सुराग
अगले दिन, लड़की के माता-पिता के लौटने पर उन्होंने अपनी बेटी से पूरी घटना की जानकारी ली। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई, जिसमें लड़की ने आरोपी को उसके कपड़ों के आधार पर पहचान लिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच को और तेज कर दिया है।
समझौते का दबाव और धमकियां
लड़की के पिता ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी पक्ष की ओर से मामले को रफा-दफा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही, समझौता न करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। परिजनों ने इस संबंध में मंडराक थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस की कार्रवाई
मंडराक थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर श्री अवधेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और जबरन अपहरण की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, और ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।
