इगलास: अलीगढ़ जिले के इगलास क्षेत्र में लंबे समय से किसानों को परेशान कर रहे धान चोरों के गैंग पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। कोतवाली इगलास पुलिस ने चार खतरनाक आरोपियों को धर दबोचा, जिनके पास से चोरी की 60 बोरी धान के साथ-साथ अपराध में इस्तेमाल हुई टाटा पिकअप वाहन भी बरामद कर ली गई है।
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में धान की बोरी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर छापेमारी शुरू की थी। 10 नवंबर को गुरसेना गांव के किसान पूरन सिंह ने अपने खेत से बड़ी मात्रा में धान गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस हरकत में आई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुंदर सिंह, आकाश, शिवा (तीनों ताहरपुर निवासी) और सोनवीर (भोरा गौरवा, इगलास) के रूप में हुई है। ये सभी अलीगढ़ रोड पर डबल नहर के पास से पकड़े गए, जहां से पुलिस ने यूपी 81 सीटी 5752 नंबर की टाटा पिकअप भी जब्त कर ली।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन चारों शातिर चोरों पर पहले से ही डेढ़ दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इगलास थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
