21.8 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

हाथरस में पशु मित्र की चाकू से हत्या

हाथरस : हाथरस के अर्जुनपुर गांव में अनुसूचित जाति के एक युवक की हत्या के बाद हालात बेकाबू हो गए। गुस्साई भीड़ ने न केवल आगरा-अलीगढ़ हाईवे जाम कर दिया, बल्कि आरोपियों के घरों पर पथराव भी कर दिया। मौके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विनय कुमार (48) के रूप में हुई है, जो मुरसान पशु चिकित्सालय में पशु मित्र के पद पर कार्यरत थे। उनके भाई लीतेश के अनुसार, शाम करीब छह बजे विनय घर से थोड़ी दूरी पर बने घेर में पशुओं की देखरेख करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गब्बर उर्फ शिव, राजेश कौशिक और उनके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। चाकू का वार सीधा उनके दिल में लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों के लोग इकट्ठा हो गए और थाने का घेराव कर दिया। भीड़ ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर स्थिति संभालने की कोशिश की। एएसपी अशोक कुमार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।

हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया जा रहा है। करीब छह महीने पहले मृतक का आरोपियों से विवाद हुआ था, जिसके बाद से वे जातिसूचक शब्द कहकर उसे परेशान करते थे। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश की जा रही है।

एसपी चिंरजीवनाथ सिन्हा ने कहा कि जांच हर बिंदु पर की जा रही है। पीड़ित परिवार के घर और आरोपियों के मकानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

Today's Top