21.8 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

महगौरा में दहेज हत्या: पति और ससुर गिरफ्तार

पिसावा: क्षेत्र के गांव महगौरा में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है । मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ।

बन्नादेवी थाना क्षेत्र के बरौला जाफराबाद निवासी एक युवक ने बताया कि उसकी बहन निशा (25) की शादी करीब तीन साल पहले महगौरा निवासी बंटी के साथ हुई थी । शादी में परिजनों ने लगभग चार लाख रुपये खर्च किए थे । इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा और मांग पूरी न होने पर निशा को प्रताड़ित करते थे ।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि म्रत युवती के ससुरालिजन पति, सास, ससुर, और ननद-नंदोई द्वारा निशा को अक्सर तंग किया जाता था । शनिवार सुबह परिजनों को फोन पर जानकारी मिली कि निशा के साथ मारपीट की जा रही है । मायके वाले ससुराल पहुंचे तो उन्हें भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर वापस भेज दिया । कुछ ही देर बाद फोन पर निशा की मौत की सूचना मिली ।

जब परिजन दोबारा ससुराल पहुंचे तो निशा के गले और शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट थे । परिजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया । पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और आरोपी पति बंटी व उसके पिता को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है ।

Today's Top