21.8 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

बिल भुगतान में बड़ी भूल: 2.82 लाख की जगह 28 लाख ट्रांसफर

अलीगढ़ शहर : अलीगढ़ के तालानगरी क्षेत्र के हार्डवेयर व्यापारी हर्षित अग्रवाल के साथ बिजली विभाग से जुड़ा एक अजीब मामला सामने आया है। दरअसल, जून माह में उनकी एक फैक्टरी का बिजली का बिल लगभग 2.82 लाख रुपये बना था। लेकिन भुगतान करते समय चूक हो गई और उन्होंने विभाग के खाते में करीब 28 लाख रुपये जमा करा दिए।

जब उन्हें इस गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत ही विभागीय अधिकारियों से लेकर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन तक शिकायत दर्ज कराई। एक्सईएन तृतीय योगेश कुमार द्वारा की गई जांच में यह पुष्टि हुई कि कारोबारी का दावा सही है। मामला आगे बढ़ते हुए यूपीपीसीएल के अध्यक्ष तक पहुंचा, जिन्होंने मुख्य अभियंता को समाधान निकालने के निर्देश दिए।

मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल ने आदेश दिया कि अतिरिक्त जमा राशि को कारोबारी की दूसरी फैक्टरी के बिजली बिल में समायोजित कर दिया जाए। इसके बावजूद दो महीने बीत जाने पर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे परेशान होकर व्यापारी ने फिर से उच्च अधिकारियों को शिकायत की।

इसके बाद चेयरमैन ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधीनस्थ अफसरों को फटकार लगाई और तीन दिनों में मामले का निपटारा करने के आदेश दिए। हर्षित अग्रवाल ने बताया कि उनकी सीधे चेयरमैन से बातचीत हुई है और उन्हें यह भरोसा दिलाया गया है कि गलती से जमा हुई रकम जल्द वापस कर दी जाएगी।

Today's Top