अलीगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) का आयोजन शनिवार से जिले में 37 निर्धारित केंद्रों पर प्रारंभ हो गया। सुबह से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पूर्व प्रत्येक उम्मीदवार की जांच सीसीटीवी निगरानी और सघन तलाशी के बाद ही की गई।
यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी—पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। दो दिनों की इस परीक्षा में कुल 74,304 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।
परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही, 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जबकि अतिरिक्त रूप से 10-10 रिज़र्व में रखे गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाएं ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से पूरी हो सके।
अलीगढ़ के प्रमुख परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए जिले के कई प्रमुख विद्यालयों और महाविद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। इनमें नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय, शांति निकेतन वर्ल्ड स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, रेडियन्ट स्टार इंग्लिश स्कूल, रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज, उदय सिंह जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय, विजडम पब्लिक स्कूल समेत कई शैक्षिक संस्थान शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, अग्रसेन इंटर कॉलेज हरदुआगंज, अलबरकात पब्लिक स्कूल जमालपुर, आयशा तरीन मॉडल पब्लिक स्कूल, बाबूलाल जैन इंटर कॉलेज, धर्म समाज महाविद्यालय, गगन पब्लिक स्कूल खैर बाईपास, हैरिटेज इंटरनेशनल स्कूल, जनता इंटर कॉलेज छेरत, कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, महर्षि विद्या मंदिर आदि में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
