अलीगढ़ : अलीगढ़ जंक्शन पर यात्रियों से मनमानी वसूली करना एक वेंडर को भारी पड़ गया। सोमवार को प्लेटफार्म संख्या दो पर जांच के दौरान खानपान स्टाल संचालक खुर्शीद अहमद के यहां कार्यरत वेंडर ने रेलनीर की बोतल 15 रुपये की जगह 20 रुपये में बेची। इस शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए रेलवे प्रशासन ने स्टाल को बंद करा दिया और 10,000 रुपये का जुर्माना भी ठोंक दिया।
रेल प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों से ठगी या ओवरचार्जिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी अभियान में प्लेटफार्म पर तीन अनधिकृत वेंडर भी पकड़े गए, जिन्हें आगे की कार्यवाही के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हवाले कर दिया गया।
दरअसल, प्रयागराज मंडल लगातार यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए अभियान चला रहा है। इसमें शुद्ध पेयजल, उत्तम भोजन और स्वच्छ शौचालय जैसी सुविधाओं पर जोर देने के साथ-साथ टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी के तहत अलीगढ़ जंक्शन पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (CMI) ने सघन जांच की, जिसमें यह मामला उजागर हुआ।
