29.4 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

अलीगढ़ पुलिस मुठभेड़ में दो कुख्यात चोरों को लगी गोली

अलीगढ़ देहात के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अमृत जैन ने बताया कि मंगलवार देर रात खैर और पिसावा थाना पुलिस के साथ क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग (देहात) की संयुक्त टीम सहजपुरा मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की विशेष चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सोफा नहर पटरी की ओर से एक बिना नंबर प्लेट की सफेद मारुति अर्टिगा कार तेज गति से आती दिखी।

पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने रुकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया।

आत्मरक्षा में पुलिस ने की जवाबी फायरिंग

पुलिस का पीछा देख कार सवारों ने वाहन रोक दिया और अचानक उतरकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलानी शुरू कर दी। घेराबंदी देखते हुए पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की और कार की आड़ ले रहे बदमाशों पर फायर किया।

इस मुठभेड़ में दो अभियुक्तों को पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्तों की पहचान बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया पैगंबपुर निवासी अनिल खां तथा बरेली जिले के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के अंगूरी टांडा निवासी आमिर के रूप में हुई।

हथियार, लूट का माल और नकदी जब्त

पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार खाली खोखे, एक बिना नंबर की मारुति अर्टिगा कार, सोने-चांदी के जेवरात तथा 75,200 रुपये नकद बरामद किए।

कई वारदातों का खुलासा, फरार साथियों की तलाश जारी

पूछताछ में दोनों ने पिसावा थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर दौड़ा सहित कई स्थानों पर हुई चोरी और लूट की वारदातें कबूल कीं। उन्होंने बताया कि बरामद जेवरात और नकदी इसी गांव में हाल ही में की गई लूट की है। इनके साथ बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र के गांव चोरारी निवासी जाहिद और अफजाल भी शामिल थे, जो अभी फरार हैं।

इस गिरोह ने खैर क्षेत्र के गांव बांकनेर सहित कई अन्य स्थानों पर भी चोरियां की हैं। अनिल खां पर चोरी व लूट के 27 तथा आमिर पर 22 मुकदमे विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ अलीगढ़ के अलावा बदायूं, कासगंज, बरेली और शाहजहांपुर जिलों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और शेष बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।


Today's Top