29.4 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

चण्डौस: हाईटेंशन तार टूटकर ई-रिक्शा पर गिरा

चण्डौस: चण्डौस कस्बे में मंगलवार शाम रामपुर तिराहे के पास 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूट गया। यह जर्जर तार सीधे एक खड़े ई-रिक्शा पर जा गिरा, जिसमें गांव लौटने की तैयारी में बैठा युवक शिवम चौहान करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

जहराना गांव का 22 वर्षीय शिवम चौहान (पिता राम अवतार सिंह) किसी काम से चण्डौस आया था और गोदाम के बाहर खड़े ई-रिक्शा में चालक का इंतजार कर रहा था। तभी ऊपर से तार टूटा और पूरी रिक्शा में करंट दौड़ गया। गनीमत रही कि रिक्शा के पास खड़े दो अन्य युवक किसी तरह जान बचा कर भाग निकले।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, घर में सिर्फ एक भाई और एक बहन ही बचे हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

बिजली विभाग के एसडीओ गभाना निशांत कुमार ने बताया कि हादसे की गहन जांच की जा रही है। साथ ही पुराने व जर्जर तारों को तुरंत बदलने और सभी हाईटेंशन लाइनों के नीचे सेफ्टी जाल लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ताकि भविष्य में कभी किसी मां का लाल इस तरह यूँ ही न चला जाए।

Today's Top