21.8 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

ख़ैर में अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का डंडा

ख़ैर : कस्बे के मुख्य बाजार और अलीगढ़–पलवल राजमार्ग पर फैले अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अब प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। लगातार जाम और सड़क पर फैली गंदगी की शिकायतों के बाद स्थानीय लोगों ने मंडलायुक्त संगीता सिंह से गुहार लगाई थी। इसके बाद प्रशासन ने दुकानदारों को साफ हिदायत दी कि अब सड़कों और नालियों पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शुक्रवार की शाम नायब तहसीलदार काजोल तौमर, ईओ निषाद मधुरमय और कोतवाली पुलिस टीम टेटीगांव तिराहे पर पहुंचे। यहां सड़क और नालियों पर रखे तख्त, टीनशेड और बोर्ड को जेसीबी से हटवाकर नगरपालिका परिसर भिजवाया गया। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के सामने बने अवैध ढाबे और सड़क किनारे लगी कपड़े की दुकानों को हटाने की चेतावनी दी गई।

स्थानीय दुकानदार अक्सर अपनी दुकानों से बाहर चबूतरे बढ़ाकर सामान रख देते हैं। ग्राहक भी वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं, जिससे बाजार में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। यही कारण है कि ब्लॉक कार्यालय से लेकर सुभाष चौक तक अतिक्रमण हटवाया गया और लोगों को चेतावनी दी गई कि आगे कब्जा किया तो सीधी कार्रवाई होगी।

एसडीएम शिशिर कुमार सिंह ने कहा कि अतिक्रमणकारियों को दो दिन का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाया गया तो प्रशासन कड़ी कार्रवाई करते हुए पूरा बाजार खाली कराएगा। अभियान के दौरान पहले ही व्यापारियों से बातचीत की जा चुकी थी, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब एक हफ्ते के भीतर सड़क पर से हर तरह का अवैध कब्जा पूरी तरह हटा दिया जाएगा।

Today's Top