30.6 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

अलीगढ़: वकीलों की पार्टी में कीटनाशक पीकर मौत

अलीगढ़ : मडराक थाना इलाके में एक मुर्गी फार्म हाउस पर मौज-मस्ती का माहौल अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गया। दो अधिवक्ता मित्रों ने प्यास बुझाने के चक्कर में गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया।

यह घटना 26 अक्टूबर की देर शाम की है, जब मनोहरपुर कायस्थ के रहने वाले 45 वर्षीय पंकज कुमार रावल अपने साथी सतीश कुमार और एक अन्य व्यक्ति के साथ जश्न मना रहे थे।

पार्टी के बीच एक साथी कहीं चला गया। फिर प्यास लगने पर दोनों ने कमरे में रखी प्लास्टिक की केन में से एक को पानी समझा। दरअसल, उसमें कीटनाशक भरा था, जो उन्होंने पी लिया।

पीते ही शरीर में तेज जलन शुरू हो गई और हालत खराब हो गई। फार्म के चौकीदार ने परिजनों को सूचना दी। कुछ लोगों की मदद से उन्हें सासनी गेट के निजी अस्पताल ले जाया गया।

हालत बिगड़ने पर जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, फिर नोएडा के सेक्टर 110 स्थित अस्पताल में शिफ्ट किया। देर रात पंकज कुमार रावल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

28 अक्टूबर को नोएडा पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया। दूसरे वकील सतीश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ इगलास महेश कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया। परिजनों ने कोई शिकायत या तहरीर नहीं दी है। यह हादसा सतर्कता की कमी से हुई गलती का उदाहरण है।

Today's Top