30.6 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा हमला

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जनता के खिलाफ भ्रष्टाचार और जबरन वसूली का गंभीर आरोप लगाया। शुक्रवार को लखनऊ में सपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार जनता को सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है, लेकिन टैक्स और चालान के नाम पर आम लोगों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने खुलासा किया कि उनकी स्वयं की गाड़ी पर ओवरस्पीडिंग के नाम पर आठ लाख रुपये का चालान थमाया गया, जबकि सरकार द्वारा प्रदान की गई गाड़ी खस्ताहाल स्थिति में है।

पुलिस बन गई है वसूली का हथियार

अखिलेश ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के इशारे पर पुलिस आम जनता से अवैध वसूली कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पूरा सिस्टम भाजपा के लोग संचालित कर रहे हैं, जिसका एकमात्र उद्देश्य जनता की जेब से पैसा निकालना है। उन्होंने कहा, “यह सरकार जनता को लूटने में लगी है। सुविधाएं देना तो दूर, हर तरफ सिर्फ टैक्स और चालान का बोझ डाला जा रहा है।

जी0एस0टी0 और मुनाफाखोरी पर सवाल

अखिलेश ने जीएसटी दरों में हाल के बदलावों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि ये परिवर्तन केवल आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर किए गए हैं, न कि जनता के हित में। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां मुनाफाखोरों को बढ़ावा दे रही हैं। साथ ही, उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि भारतीय बाजारों में चीनी सामान की भरमार हो रही है, जो ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाओं को पूरी तरह बर्बाद कर देगा। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप के टैरिफ प्रस्तावों ने भाजपा के दावों की पोल खोल दी है।

चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप

सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग को ‘जुगाड़ आयोग’ करार देते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आयोग भाजपा के लिए वोटों का बंदोबस्त कर रहा है, लेकिन अब उनकी चोरी पकड़ी जा चुकी है। अखिलेश ने कहा, “जब जुगाड़ आयोग ही धोखा दे, तो जनता जाए तो जाए कहां? ये लोग देश और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के दिन अब गिनती के बचे हैं और प्रधानी के आगामी चुनावों में वोट चोरी की कोई गुंजाइश नहीं होगी।

आगे कहा

उन्होंने कहा कि इस सरकार में हर वर्ग दुखी है, चाहे वह छात्र हों, किसान हों या आम जनता। भ्रष्टाचार और वसूली ने हर क्षेत्र को प्रभावित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता अब इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।

अखिलेश ने कहा, “यह सरकार जनता के धैर्य की परीक्षा ले रही है, लेकिन अब लोग जवाब देने को तैयार हैं।”

Today's Top