20.4 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

रिटायर इंस्पेक्टर से ठगी: जमीन का सपना दिखाकर 28.97 लाख हड़पे

अलीगढ़ – सेवानिवृत्ति के बाद मुनाफे का लालच देकर एक पुलिस इंस्पेक्टर से लाखों रुपये हड़प लिए गए। जमीन दिलाने और बेचकर फायदा बांटने का झांसा दिया गया, लेकिन न तो प्लॉट मिला और न ही रकम वापस लौटी। मामला अब थाने पहुंच गया है और तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पीड़ित राजीव कुमार शर्मा, जो दर्शन विहार (बन्नादेवी क्षेत्र) के निवासी हैं, वर्ष 2021 से 2023 तक कासगंज में तैनात थे। इसी दौरान उनकी पहचान सोरों क्षेत्र के तोलकपुर निवासी आशीष शर्मा से हुई। आशीष ने अपने पिता कृष्ण अवतार और भाई ऋषि से भी राजीव की मुलाकात कराई।

राजीव के मुताबिक, आशीष ने उन्हें प्रस्ताव दिया कि सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली राशि से जमीन खरीदी जाए। जमीन बेचने पर होने वाला लाभ आपस में बांटने का भरोसा दिया गया। इस लालच में आकर राजीव ने चरणबद्ध तरीके से 28.97 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।

राशि का ब्योरा भी दर्ज है—23 नवंबर 2023 को कृष्ण अवतार के खाते में 80 हजार रुपये, आठ दिसंबर 2023 को दो लाख, 15 जनवरी 2024 को चार लाख, चार मार्च 2024 को 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा आशीष को सीधे 10 लाख रुपये और 18 अक्टूबर 2024 को ऋषि के खाते में 2.17 लाख रुपये भेजे गए।

पैसा देने के बाद जब जमीन और मुनाफे की बात की गई तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। राजीव का आरोप है कि रुपये लौटाने की मांग करने पर न केवल गालीगलौज हुई बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।

इंस्पेक्टर बन्नादेवी एसपी सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Today's Top