20.4 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

निर्माणाधीन मकान की दीवार ढही, मालिक की दर्दनाक मौत से गांव में मातम

लोधा: लोधा क्षेत्र के गांव बसई में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। यहां निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर मकान मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनते ही परिवारजन और गांववाले भागकर पहुंचे और मलबे के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान गांव बसई निवासी सुनील (38 वर्ष) पुत्र दीपचन्द्र के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि गुरुवार शाम करीब छह बजे यह घटना हुई। सुनील मकान के पीछे बने हिस्से के पास मिट्टी खोद रहे थे। बारिश के कारण वहां लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में पानी भर गया था और दीवार लगातार भीगती रही। इसी वजह से कमजोर हुई दीवार अचानक गिर गई और सुनील उसकी चपेट में आकर दब गए।

परिवार व ग्रामीणों ने जब दीवार ढहने की आवाज सुनी तो वे भागकर मौके पर पहुंचे। सुनील को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और घर में मातम छा गया।

हादसे की सूचना पर लोधा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अचानक हुई इस मौत से सुनील के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, बच्चों और परिजनों को बेसहारा छोड़ गए, जो गम में रो-रोकर बेहाल हैं।

Today's Top