20.4 C
Aligarh
Wednesday, February 25, 2026

प्रयागराज में स्नान करने गए तीन छात्र डूबे

प्रयागराज: प्रयागराज में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से खतरा बना हुआ है। इसी बीच शुक्रवार को स्नान करने पहुंचे तीन नाबालिग छात्र नदी की तेज धारा में बह गए। गोताखोरों की मदद से दो शव जल्दी बरामद कर लिए गए थे, जबकि तीसरे छात्र का शव एनडीआरएफ टीम ने देर रात गहन तलाशी अभियान चलाकर निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर तीनों बच्चे अपने घर से निकले थे। शाम को वे विष्णुपुरी कॉलोनी के पास गंगा कछार पहुंचे और कपड़े उतारकर नदी में नहाने लगे। पानी में खेलते-खेलते अचानक वे गहरे हिस्से में चले गए और बाहर नहीं निकल पाए। जब देर रात तक बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजन चिंतित होकर खोजबीन करने लगे। अगले दिन सुबह घाट पर बच्चों के कपड़े मिले तो मामले का खुलासा हुआ।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, धूमनगंज प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ राय और एसीपी धूमनगंज अजेन्द्र यादव ने सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। गोताखोरों ने पहले दो लड़कों को बाहर निकाला। इसके बाद इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद तीसरे किशोर का शव भी खोज निकाला।

हादसे में जिन तीन छात्रों की मौत हुई, वे सभी चक मुंडेरा इलाके के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय मनीष (पुत्र गुड्डू सोनकर, निवासी जैन वाटिका), 14 वर्षीय सांवरे पाल (पुत्र जितेंद्र पाल), और 15 वर्षीय नमन लूथरा (पुत्र संजय लूथरा) के रूप में हुई है। नमन अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था, जबकि सांवरे दो भाइयों में से एक था।

Today's Top